उत्तराखंड

जनगणना से तय होंगी विकास की प्राथमिकताएं, सीएम धामी ने की स्व-गणना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की। उन्होंने आधिकारिक पोर्टल पर अपने परिवार से जुड़ी जानकारियां दर्ज कर जनगणना अभियान में भागीदारी की। साथ ही प्रदेशवासियों से भी निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं का आधार बनेंगे। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां क्षेत्रवार जनसंख्या का सही आकलन बेहद जरूरी है। खासकर पर्वतीय और दुर्गम इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी सुविधाओं की जरूरतों का आकलन करने में इन आंकड़ों से मदद मिलेगी। इससे विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने और संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस बार डिजिटल तकनीक के जरिये स्व-गणना की सुविधा दी गई है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली प्रत्येक जानकारी महत्वपूर्ण है। सभी परिवार सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने जनगणना कार्य में जुटे प्रगणकों को भी आवश्यक सहयोग देने की अपील की।

16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना

जनगणना-2027 के दूसरे चरण में उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों के लिए 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना की व्यवस्था की गई है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार की भागीदारी से जनगणना अभियान को सफल बनाने के साथ ही भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button