मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली के गौचर में आयोजित 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को संजोने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और उन्हें अपने गांव व क्षेत्र में ही आय के अवसर मिलें। इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन, हस्तशिल्प और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटन, होमस्टे, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, दाल, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों की देश-विदेश में पहचान बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगी क्षेत्र की आर्थिकी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के विकास के लिए सड़क और रेल संपर्क को मजबूत किया जा रहा है। चारधाम सड़क परियोजना से बदरीनाथ धाम तक आवागमन बेहतर होगा, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गौचर मेला केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रमुख केंद्र है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों और खिलाड़ियों के साथ स्थानीय उत्पादों को मंच मिलता है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला ऐतिहासिक व्यापारिक और कृषि मेले के रूप में भी अपनी पहचान रखता है।



