कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से की मुलाकात, सौंदर्यीकरण और सुविधाएं बढ़ाने का रखा प्रस्ताव
देहरादून। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल गुच्चुपानी (रॉबर्स केव) को नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए राज्य सरकार ने केंद्र के स्तर पर पहल तेज कर दी है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर गुच्चुपानी के सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार से संबंधित प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान गणेश जोशी ने कहा कि गुच्चुपानी देहरादून के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल है। यहां व्यवस्थित ढंग से सुविधाओं का विकास होने से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। सरकार पर्यटन स्थलों को सुविधायुक्त बनाने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नए पर्यटन गंतव्यों को विकसित करने पर काम कर रही है। उन्होंने केंद्र के पास लंबित प्रदेश के अन्य पर्यटन विकास प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित मामलों में जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
0 3 1 minute read



