उत्तराखंड

छठ पूजा पर सीएम धामी ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य।

लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। खटीमा के मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पर आयोजित पूजा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने फल और पूजन सामग्री से सजी डलिया लेकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। धामी ने कहा कि छठ पर्व आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है।
सुबह से ही 22 पुल छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। पूर्वांचल समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान सूर्य की उपासना की और परिवार की सुख-शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की। अर्घ्य के साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का भी पारण हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व जल, सूर्य और प्रकृति से जुड़ी भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पर्व हमें संयम, सेवा, प्रकृति के सम्मान और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी समेत जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button