उत्तराखंड

कमांडो लाइब्रेरी स्टडी हब में सेवानिवृत्त पैरा कमांडो लक्ष्मण भंडारी ने किया ध्वजारोहण, युवाओं को दिया देशप्रेम का संदेश

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आमवाला मधुबन स्थित कमांडो लाइब्रेरी स्टडी हब में देशभक्ति और उत्साह के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवानिवृत्त पैरा कमांडो एवं कमांडो लाइब्रेरी के संस्थापक लक्ष्मण भंडारी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य श्री अखिलेश प्रताप रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों, समाज के गणमान्य नागरिकों और कमांडो लाइब्रेरी के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में लक्ष्मण भंडारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कमांडो लाइब्रेरी का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराना नहीं है, बल्कि उन्हें अनुशासन, मेहनत, समय की पाबंदी, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, देशप्रेम और राष्ट्रसेवा की भावना के लिए भी प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और समाज व देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सैन्य अनुभवों से प्रेरित करते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर विक्रम सिंह कंडारी, सुनील दत्त गैरौला, मंडल अध्यक्ष संजय गिरी, रमेश सिंह पटवाल, लक्ष्मी प्रसाद गैरौला, सीपी बमोला, एसएन पुरी, अतुल बिजवान, करबिंद नौटियाल, रोशनी देवी भंडारी और शिवानी भंडारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान शिवानी भंडारी ने शहीदों को याद करते हुए देशभक्ति का गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भावुक और देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कमांडो लाइब्रेरी स्टडी हब मधुबन के समस्त विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। शहीदों को शत्-शत् नमन के साथ कार्यक्रम का समापन जय हिंद के उद्घोष से हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button