उत्तराखंड

अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का बड़ा अभियान, डोईवाला-ऋषिकेश में कई भवन सील

देहरादून : मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में कई भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने साफ किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
डोईवाला क्षेत्र के कान्हरवाला भानियावाला तिराहे पर नेत्रपाल सिंह सैनी द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। टीम ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य को बंद कराया।
वहीं, ऋषिकेश क्षेत्र में भी दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई। निर्मल बाग ब्लॉक-बी, गली नंबर 10 में आलोक कुडियाल द्वारा किए जा रहे निर्माण को नियमों के उल्लंघन के कारण सील किया गया। इसके अलावा निर्मल बाग ब्लॉक-सी में आयुष अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।
अधिकारियों के अनुसार, संबंधित निर्माणकर्ताओं को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि अवैध निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां तत्काल कार्रवाई होगी।
बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करना कानूनन अपराध है और इससे शहर के सुनियोजित विकास पर असर पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक अनुमतियां जरूर लें।

वहीं मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि डोईवाला और ऋषिकेश में चिन्हित अवैध निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button