उत्तराखंड

थलीसैंण को शिक्षा और स्वच्छता की करोड़ों की सौगात, 289 लाख से बने विद्यालय भवन का लोकार्पण

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के थलीसैंण विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, आवास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास को गति देने की बात कही।

डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में 289.54 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में 12-12 लाख रुपये की लागत से बने अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का भी उद्घाटन किया।

नगर पंचायत कैन्यूर में घर-घर से कूड़ा एकत्र करने के लिए तीन कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। इस दौरान नगर पंचायत थलीसैंण में 47.56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया। वहीं, कैन्यूर और थलीसैंण में 1.72 करोड़ रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण के लिए प्रसंस्करण संयंत्र बनाए जाएंगे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 100 पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। डॉ. रावत ने कहा कि योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कैन्यूर में आयोजित नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

इसके अलावा ग्रामसभा मुसेटी और कपरोली में महिला मंगल दलों को लोक संस्कृति और पारंपरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण में महिला मंगल दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, महिला मंगल दलों की सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button