उत्तराखंड

सेवा संकल्प अभियान विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगा : महाराज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को सुभाष रोड स्थित कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

महाराज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल जन्मदिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनमानस तक पहुंचाने का वृहद अभियान है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

धार्मिक स्थलों और राशन की दुकानों पर होंगे कार्यक्रम

कैबिनेट मंत्री ने पर्यटन, लोक निर्माण, धर्मस्व, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर जनभागीदारी से दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने को भी कहा।

उन्होंने रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, गरीब कल्याण के कार्य, प्रदर्शनियां और सेमिनार आयोजित करने के निर्देश दिए। ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम और संस्कृति विभाग में पंजीकृत दलों के माध्यम से पंचायत स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

महाराज ने कहा कि युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ और उनकी जानकारी पहुंच सके। उन्होंने प्रत्येक जिले में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रधान, सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों, सांसदों और विधायकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, अपर निदेशक पूनम चंद, सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, लघु सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता बीके तिवारी, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मुकेश सिंह परमार, ग्रामीण निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विभू रावत और संस्कृति विभाग के अपर निदेशक शेखर पटवा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button