उत्तराखंड

अमित शाह से मिले धन सिंह रावत, उत्तराखंड में सहकारिता योजनाओं पर हुई चर्चा

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों, महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों पर चर्चा की।

सहकारिता क्षेत्र में नवाचारों की दी जानकारी

मीडिया को जारी बयान में डॉ. रावत ने बताया कि मुलाकात के दौरान राज्य में सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी प्रयासों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया गया। उन्होंने हाल ही में संपन्न जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों की सफलता और सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लागू 33 प्रतिशत आरक्षण के बारे में भी जानकारी साझा की।

प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा

डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण आजीविका के अवसर बढ़ाने, मिलेट उत्पादन को प्रोत्साहित करने और पोषण सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चंपावत जिलों में जिला सहकारी बैंकों के संचालन तथा सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।

सहकारिता क्षेत्र में प्रयासों की सराहना

शिष्टाचार भेंट के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन के विस्तार और नवाचारों के लिए डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सहकारिता चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए डॉ. रावत के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button