मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण भी किया।
जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान
मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुल बनने से आवाजाही होगी सुगम
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से बने 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया। बरसात के दौरान शेर नाला उफान पर आने से इस मार्ग पर अक्सर आवाजाही बाधित हो जाती थी। इसके चलते क्षेत्रीय लोगों और यात्रियों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता था।
नए पुल के निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




