मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आंदोलनकारियों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने पुतले से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तस्वीर हटाने का प्रयास किया, जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को आंदोलनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि बल प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। ये जवान कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज को पुलिस कार्रवाई के जरिये दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और घायल पीआरडी जवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
0 3 1 minute read




