ऋषिकेश। हाईबीम और तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। पीड़ित ने ऋषिकेश कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पहले कार सवार युवकों ने उनके साथ मारपीट की और बाद में रास्ता रोककर स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद तलवार, खुखरी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, ढालवाला निवासी नितिन नेगी ने बताया कि 8 जुलाई की रात करीब 1 से 1:15 बजे वह अपने दोस्तों अभिलेख रावत और राम रावत के साथ एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। आरोप है कि छोटी सज्जी के पास आयुषलोक नगर चौराहे पर सिल्वर रंग की एक स्कॉर्पियो (यूके14एन-8885) सड़क पर खड़ी थी। वाहन में बैठे लोग तेज आवाज में गाने चला रहे थे और हाईबीम जलाए हुए थे, जिससे उनकी स्कूटी असंतुलित होते-होते बची।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने हाईबीम बंद करने का अनुरोध किया तो स्कॉर्पियो सवार युवक गाली-गलौज पर उतर आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर वे वहां से निकल गए।
तहरीर में आगे आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद देहरादून रोड पर दुर्गा मंदिर के पास एक अन्य वाहन (यूके14के-2562) ने उनकी स्कूटी का रास्ता रोक लिया, जबकि पीछे से आ रही उसी स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने फिर मारपीट की, जिसमें नितिन के सिर समेत अन्य लोगों को चोटें आईं।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने तलवार, खुखरी और चाकू निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि वे उन्हें घर से निकालकर काट डालेंगे और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता क्योंकि पुलिस-प्रशासन और कई नेताओं तक उनकी पहुंच है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने नितिन की सोने की चेन तथा उसके साथियों के मोबाइल फोन छीन लिए। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और उसके पास इसके साक्ष्य मौजूद हैं।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने, छीनी गई चेन और मोबाइल बरामद कराने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।




