प्रदेश में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न जनपदों में बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
वहीं 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिशहोने की भी संभावना जताई गई है।
खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें
इसके अलावा 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा संबंधित जनपदों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखने और त्वरित कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने का आदेश दिया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। उन्होंने मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।




