उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा के पेपर लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले वाट्सएप ग्रुप के जरिये छात्रों को ऐसे सवाल भेजे थे, जो बाद में परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते पाए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन शामिल था।
मामले की शुरुआत उस ई-मेल से हुई, जो परीक्षा के बाद विश्वविद्यालय को मिला। इसमें दावा किया गया था कि तीन जुलाई को सहायक प्रोफेसर ने छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल साझा किए थे। आठ जुलाई को परीक्षा होने के बाद जब इन सवालों का प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता मिली।




