भाजपा की प्रदेश सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज के पहली बार श्रीनगर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंगलवार को आदिति पैलेस में आयोजित जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में उन्होंने पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा की और संगठन को मजबूत बनाने के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।
बैठक में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। संगठन के भीतर बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर मंथन किया गया। बैठक में आगामी रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बांसुरी स्वराज के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। उनके स्वागत के लिए शहर में तीन स्थानों पर व्यवस्था की गई थी। पराग डेयरी क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पार्षद पंकज सती की टीम ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पौड़ी बस अड्डे पर महापौर आरती भंडारी और पार्षदों ने उनका अभिनंदन किया।
वहीं, आदिति पैलेस में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक स्थल पर पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया। संगठनात्मक बैठक को आगामी गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने और पार्टी की तैयारियों को धार देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




