देहरादून बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दूसरी युवती से सगाई होने से नाराज सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए लक्सर निवासी शूटर अंकित चौहान को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने पूर्व प्रेमिका मालिया और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शूटर अंकित पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है, जबकि उसका साथी अंकुर फरार है।
बाइक सवार युवकों ने बैंककर्मी पर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, आठ सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोककर गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस पर फायरिंग के बाद मुठभेड़ में घायल हुआ शूटर
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बाइक सवार चाय बागान की पगडंडी की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल शूटर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया।
2020 में शुरू हुआ था प्रेम संबंध
पूछताछ में मालिया ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 से 2023 तक वह हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में उसने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन सत्यम के संपर्क में बनी रही। पुलिस के अनुसार, बाद में उसका विवाह टूट गया।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। फरवरी 2026 में उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली और मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। पुलिस का कहना है कि इससे नाराज होकर मालिया ने सत्यम की हत्या की योजना बनाई।
मोहित के जरिए तय किया हत्या का सौदा
पुलिस के अनुसार, मालिया ने अपने साथी मोहित के माध्यम से अंकित चौहान से संपर्क किया और पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। इसके लिए शूटर को 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस का दावा है कि मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।
तमंचा, खोखे और बाइक बरामद
पुलिस ने मालिया रहमान और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। वहीं, अंकित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।




