उत्तराखंड

स्वच्छता में उत्तराखंड ने गाड़े झंडे, रुद्रपुर हिमालयी शहरों में नंबर वन

शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के दो नगर निकायों रुद्रपुर और काशीपुर का पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। रुद्रपुर ने स्वच्छ हिमालयी शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि काशीपुर को उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों नगर निकायों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड के शहरी निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना सरकार, नगर निकायों, पर्यावरण मित्रों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना है, ताकि शहरों में साफ-सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जीवन गुणवत्ता भी सुनिश्चित हो सके।
सरकार के अनुसार, प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 1,375 करोड़ रुपये की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत कचरा संग्रहण, परिवहन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण के बाद करीब 109 एकड़ भूमि को भी दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है।
आगामी कुंभ-2027 को देखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। इसके माध्यम से सफाई व्यवस्था, कचरा उठान और नागरिक सुविधाओं की निगरानी की जाएगी।
गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के दसवें संस्करण में देशभर के 4,751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया। इसमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कूड़ा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों, सीवरेज व्यवस्था, सफाई कर्मचारियों के कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया समेत 43 मानकों के आधार पर शहरों का प्रदर्शन परखा गया।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button