लिंक पर क्लिक करते ही हुई रकम की निकासी, नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज
सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक को खोलना अजबपुर कला निवासी अनुज कोठियाल को भारी पड़ गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 1,11,055 रुपये की निकासी हो गई। खाते से रकम निकलने का पता चलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शांति विहार फेज-3 निवासी अनुज कोठियाल ने तहरीर में बताया कि 12 सितंबर को उनके मोबाइल पर सॉफ्टवेयर अपडेट करने के संबंध में एक लिंक आया था। उन्होंने लिंक को खोल दिया। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 1,11,055 रुपये निकाल लिए गए।
रकम निकासी का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस लिंक और लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ऐसे लिंक से रहें सावधान
साइबर पुलिस लगातार लोगों को मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह देती है। किसी भी सॉफ्टवेयर या एप के अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित एप स्टोर का ही इस्तेमाल करना चाहिए। बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान लिंक पर साझा नहीं करनी चाहिए।



