उत्तराखंड

चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा, धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने सरकार के पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना शुरू कर दिया है। गुरुवार को देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ पार्टी संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने रोजगार, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में सरकार ने काम किया है। प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपी और सरकार अब तीसरी बार जनसमर्थन हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कामकाज का ब्योरा लेकर जनता के बीच जा रही है।

36 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके तहत संगठित नकल के मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके पहले चरण में 11 हजार युवाओं को निशुल्क कोचिंग देने की व्यवस्था की गई है। वहीं, वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण देकर 106 युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाया गया है।

महिलाओं के लिए योजनाओं का किया उल्लेख
महिला सशक्तीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों के लिए बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है। इसके अलावा बैंणी-भुली योजना, नंदा गौरा योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना को भी सरकार की प्रमुख पहलों में शामिल बताया।

पलायन रोकने और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6500 से अधिक लोग अपने गांव लौटे हैं। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत काम किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के माध्यम से करीब 10 लाख लोगों को लाभ मिल रहा है। अंत्योदय परिवारों को साल में तीन रसोई गैस सिलिंडर रिफिल कराने की सुविधा भी दी जा रही है।

कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मंडुवा, झंगोरा और लाल चावल जैसे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सेब उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर चार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यों का ब्योरा

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने, प्रदेश को पूर्ण साक्षर घोषित किए जाने और 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय शुरू किए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 500 सरकारी विद्यालयों को डिजिटल स्टूडियो से जोड़ा गया है। देहरादून के झाझरा में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री ने कोविड काल के दौरान पर्यटन, परिवहन और संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ रुपये के राहत पैकेज, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये और स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान प्रभावित परिवारों और बच्चों के लिए भी सरकार ने योजनाएं शुरू की थीं।

कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने चुनाव से पहले सरकार के कामकाज को जनता के बीच रखने की शुरुआत की है। पार्टी का जोर विकास योजनाओं और उपलब्धियों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में जनसमर्थन हासिल करने पर है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button