उत्तराखंड

सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, जीवनभर सैनिक रहता है : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सैनिक कभी पूर्व या भूतपूर्व नहीं होता, वह जीवनभर सैनिक रहता है। हमारे पूर्व सैनिक ‘भूतपूर्व’ नहीं बल्कि ‘अभूतपूर्व’ हैं। उनके अनुशासन, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और अनुभव से समाज और राष्ट्र को लगातार दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को हल्द्वानी में आयोजित ‘गौरव सेनानी मिलन एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं और सैनिक परिवार शामिल हुए।
सैनिकों ने राष्ट्र के लिए समर्पित किया जीवन : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों ने अपने जीवन का स्वर्णिम समय राष्ट्र की रक्षा और सेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने अपने वर्तमान की चिंता किए बिना देश के सुरक्षित भविष्य के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरबान सिंह नेगी और गबर सिंह नेगी से लेकर जनरल बीसी जोशी और जनरल बिपिन रावत तक प्रदेश ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। राज्य सरकार ने सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा भारत : नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड की धरती वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों का देश की रक्षा में अतुलनीय योगदान रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना आधुनिक और सशक्त हुई है। भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और रक्षा उपकरणों का निर्यात करने वाले देशों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया है। सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम गांव मानने की सोच में बदलाव करते हुए इन्हें ‘देश के प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया है।
सैनिक परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सैनिकों और उनके आश्रितों की शिक्षा, रोजगार, कल्याण और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, लोकसभा सदस्य अजय भट्ट और शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button