उत्तराखंड

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, सैलजा बोलीं- जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करें कार्यकर्ता

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव सांसद कुमारी सैलजा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
उन्होंने फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने की नसीहत दी। सैलजा ने कहा कि सभी पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहें और जनता से सीधा संवाद स्थापित करें।
जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में जल्द नियुक्त होंगे प्रभारी
फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए जल्द प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यात्मक ढंग से विरोध करें और जनता की आवाज बनें। उन्होंने गांव-गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button