अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार देर शाम भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से करीब तीन से चार घंटे तक पूछताछ की। सीबीआई की टीम उन्हें उनके आवास से हरिद्वार स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस लेकर पहुंची, जहां मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब किए गए।
पूछताछ के बाद सुरेश राठौड़ ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी जांच एजेंसी के साथ सहयोग जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि सीबीआई की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब उन्होंने सही-सही दिए हैं।
अभिनेत्री उर्मिला को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व विधायक ने उन्हें जानने से इनकार किया। हालांकि, सीबीआई ने पूछताछ के दौरान किन बिंदुओं पर सवाल किए और क्या तथ्य सामने आए, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई कर रही है। इसी सिलसिले में जांच एजेंसी की टीम हरिद्वार पहुंची थी। मामले से जुड़े तथ्यों और विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के तहत सुरेश राठौड़ से पूछताछ की गई। जांच एजेंसी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।




