उत्तराखंड

विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा का खाका तैयार, 70 से अधिक अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां होंगी तैनात।

उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से करीब 10 हजार होमगार्ड भी बुलाने की तैयारी है।

 

चुनाव की तिथि और कार्यक्रम की घोषणा भले ही अभी नहीं हुई है, लेकिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए करीब 50 हजार कार्मिकों की तैनाती की कार्ययोजना बनाई जा रही है। वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने और मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों की जरूरत का आकलन किया गया है।

 

प्रदेश पुलिस के लगभग 15 हजार जवान चुनाव ड्यूटी में लगाए जाएंगे। इसके अलावा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और दूसरे राज्यों से आने वाले होमगार्ड की मदद ली जाएगी। बाहरी राज्यों से बुलाए जाने वाले होमगार्ड को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की विशेष योजना तैयार की जा रही है।

 

चुनाव के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। मतदान प्रक्रिया का सजीव प्रसारण भी कराया जाएगा। निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले वाहनों पर जीपीएस उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे उनकी आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी।

 

आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों के लिए सी-विजिल एप भी सक्रिय किया जाएगा। इसके माध्यम से आम लोग चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।

 

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि चुनाव के लिए सुरक्षा बलों की आवश्यकता के संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजा जा चुका है। अन्य तैयारियां भी चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button