देहरादून। पोलियो से बचाव और प्रदेश में पोलियो मुक्त स्थिति बरकरार रखने के लिए उत्तराखंड में 22 नवंबर से विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल में पांच वर्ष तक की उम्र के करीब 2.56 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
22 नवंबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 28 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को खुराक देंगी। अभियान के लिए चार जिलों में कुल 2053 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1466 बूथ पर्वतीय और 587 मैदानी क्षेत्रों में होंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने दुर्गम गांवों और दूरस्थ बस्तियों के साथ ही प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों और शहरी मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान देने की योजना बनाई है। विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान पहले पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी दोबारा खुराक दी जाएगी। इससे बच्चों को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी।
अभियान की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें संबंधित विभागों और अधिकारियों को अभियान के दौरान शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय प्रशासन की मदद भी ली जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग को भी जोड़ा है। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूएनडीपी समेत सहयोगी संस्थाएं निगरानी और तकनीकी सहयोग देंगी।
बैठक में टीका से रोकी जा सकने वाली बीमारियों की निगरानी, बीमारी की शीघ्र पहचान और समय पर रिपोर्टिंग की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी जिलों में सर्विलांस व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 22 नवंबर को पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर जरूर ले जाएं। यदि कोई बच्चा बूथ पर नहीं पहुंच पाता है तो 23 से 28 नवंबर के बीच घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम से उसे पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।




