रिपोर्ट – अंजली भट्ट
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने परिवार सहित की शिरकत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
कारोबारी ग्रांट स्थित अनंत ज्ञान पब्लिक स्कूल का प्रथम वार्षिकोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वह अपने परिवार के साथ समारोह में पहुंचे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष दयानंद जोशी और ग्राम प्रधान आरती नैनवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, संस्थान का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनमें नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमताओं को निखारने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यालय ने अपनी स्थापना के शुरुआती वर्ष में अभिभावकों के विश्वास को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। अभिभावकों ने स्कूल की शिक्षण व्यवस्था, बच्चों की देखभाल और संस्कारयुक्त वातावरण के प्रति संतोष जताया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास के साथ संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने तथा विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।




