उत्तराखंड

अखिलेश के बयान पर धामी का पलटवार, बोले- उत्तराखंडियों का अपमान बर्दाश्त नहीं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने के बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अखिलेश का वीडियो साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। यहां की धरती ने देश को संतों, सैनिकों और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक व्यक्तित्व दिए हैं। ऐसे प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया कहना उनके स्वाभिमान और राज्य के लिए किए गए संघर्ष का अपमान है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने बयान में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए रामपुर तिराहा कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग उस घटना को आज भी नहीं भूले हैं, जब उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान अलग राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गई थीं।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष किया और अनेक आंदोलनकारियों ने इसके लिए बलिदान दिया। तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में आंदोलनकारियों पर गोली चलने की घटना प्रदेश के इतिहास का दर्दनाक अध्याय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस राज्य के लोगों ने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया, उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।

कांग्रेस से भी मांगा जवाब

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को भी इस मामले में घेरते हुए सवाल किया कि क्या पार्टी अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के बयान का समर्थन करती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना उसे स्वीकार है या नहीं। धामी ने कहा कि देवभूमि की जनता अपने इतिहास, संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूलेगी।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button