उत्तराखंड

हरिद्वार कुंभ 2027: सेक्टरवार इवेक्यूएशन प्लान तैयार करने के निर्देश, आपदा से निपटने की बनेगी पुख्ता रणनीति

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शासन ने आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले से पुख्ता तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि पूरे कुंभ क्षेत्र के लिए सेक्टरवार इवेक्यूएशन प्लान तैयार किया जाए। इसके साथ ही क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक, निकासी और फायर कंट्रोल को शामिल करते हुए एक समेकित आपदा प्रबंधन योजना बनाई जाए। भूकंप, बाढ़ और केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (सीबीआरएन) जैसी आपात स्थितियों के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

उपकरणों की खरीद के साथ ऑपरेशनल व्यवस्था पर जोर

मुख्य सचिव ने बाढ़, भूकंप और सीबीआरएन आपदा प्रबंधन के लिए जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उपकरण खरीदना पर्याप्त नहीं है। उपकरणों का नियमित रखरखाव, उनका ऑपरेशनल रहना और संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण देना भी जरूरी है। उपकरणों की उपलब्धता में गैप का आकलन कर एसडीआरएफ के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

पीक टाइम में होंगी मॉक ड्रिल

मुख्य सचिव ने एटीएस को और मजबूत करने के साथ पर्वों और मेले के पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए। आपात स्थिति को वास्तविक रूप से सिम्युलेट कर वैकल्पिक मार्गों और रिस्पांस मैकेनिज्म की प्रभावशीलता भी परखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करना होना चाहिए।

एआई और मोबाइल नेटवर्क पर भी फोकस

मुख्य सचिव ने कुंभ मेले के दौरान एआई और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कम्युनिकेशन मैनेजमेंट को मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि पीक टाइम में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मोबाइल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाई जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मोबाइल टावर और संचार सुविधाएं भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button