विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पूर्व प्रदेश में चल रही बीएलओ मैपिंग में सुस्ती पर तीन जिलों के ईआरओ को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे एसआईआर के लिए जिलावार एक्शन प्लान बनाएं।
मंगलवार को डॉ. पुरुषोत्तम ने अप्रैल में प्रस्तावित एसआईआर से पूर्व सभी जिलों के डीएम के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। बैठक में कम मैपिंग वाले देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित ईआरओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एसआईआर का एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बीएलओ की ट्रेनिंग कार्य लगातार चलाए जाने के निर्देश
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में मैपिंग की प्रगति कम है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के अधिकारियों,कर्मचारियों की एसआईआर के लिए तैनाती की जाए। उन्होंने बीएलओ की ट्रेनिंग कार्य लगातार चलाए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को एसआईआर से पूर्व सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की नियुक्ति के लिए राजनैतिक दलों से बैठक करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपद गणना प्रपत्र के वितरण का पूरा प्लान तैयार कर दें ताकि समय पर फार्म वितरण की प्रक्रिया संपन्न कराई जा सके। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
किस जिले में कितने प्रतिशत मैपिंग हुई पूरी
जिला बीएलओ मैपिंग
रुद्रप्रयाग 100
बागेश्वर 100
चंपावत 99
उत्तरकाशी- 99
अल्मोड़ा 97
पिथौरागढ़ 95
टिहरी 95
चमोली 95
पौड़ी 93
हरिद्वार 89
नैनीताल 88
यूएस नगर 77
देहरादून 77




