कोतवाली क्षेत्र की डाकपत्थर रोड पर शनिवार रात को एक कार ने दुकान के बाहर काउंटर और बाइकों को टक्कर मार दी। नशे में धुत कार सवार युवकों ने दुकानदारों पर कांच की बोतलों से हमले किए। कार सवार जीवनगढ़ निवासी अंशुल चौहान ने राह चलते लोगों को रोक कर उनको पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से हाथापाई की। चौकी प्रभारी की वर्दी पर लगे स्टार नोच लिए। पुलिसकर्मी युवक को बड़ी मुश्किल से काबू कर बाजार चौकी लेकर आए। दो अलग-अलग तहरीर के आधार पर अंशुल चौहान और पहाड़ी गली निवासी केशव चावला के खिलाफ खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार डाकपत्थर की ओर से एक तेज रफ्तार कार विकासनगर की ओर आ रही थी। कार अचानक अनियंत्रित दुकानों की ओर घुस गई। कार ने दुकानों के बाहर रखे मिट्टी के दिए, अन्य सामान, फास्ट फूड सेंटर के काउंटर और बाइकों को टक्कर मार दी। उसके बाद नशे में धुत दो युवक दुकानदारों पर कांच की बोतल फेंकने लगे। इस दौरान संजय यादव की पत्नी रीना यादव घायल हो गईं, एक बुजुर्ग समेत अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
उसके बाद अंशुल चौहान और आक्रामक हो गया, उसने अपनी शर्ट उतार दी और राह चलते लोगों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोक कर उनको पीटने लगा। उसने करीब 15 लोगों के साथ मारपीट की। इस बीच सूचना पर चीता पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिसकर्मियों को ही पीटने लगा। सूचना पर बाजार चौकी प्रभारी मयंक त्यागी घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी अंशुल चौहान ने उनकी वर्दी पर लगे स्टार नोच लिए। चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी दोनों युवकों को धकियाते हुए चौकी की ओर लाने लगे। इस बीच भी आरोपी हाथापाई करने पर उतारु था।
सूचना पर सीओ विकासनगर भास्कर लाल शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर सनोज कुमार और कोतवाली से अन्य पुलिसकर्मी भी चौकी पर आ गए।डाकपत्थर रोड निवासी पीड़ित रीना यादव और मंडी चौक निवासी चरणजीत ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों की चिकित्सकीय जांच कराई गई है।
सांप्रदायिक तनाव की आशंका के चलते फूले पुलिस के हाथ पांव
रीना यादव संजय यादव की पत्नी हैं। संजय यादव पर जम्मू कश्मीर के मुस्लिम युवकों के साथ मारपीट का आरोप लगा था। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। उसके बाद रीना यादव ने रुद्र सेना और अन्य संगठनों के साथ कोतवाली में पहुंचकर शिकायत दी थी। उन्होंने मुस्लिम युवकों पर अभद्र इशारे करने और उनका हाथ पकड़कर खींचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था उनके पति के विरोध करने के बाद हुए झगड़े में आसपास के लोग शामिल हो गए थे। रीना यादव के साथ मारपीट की घटना से सांप्रदायिक तनाव की आशंका के चलते घटनास्थल और चौकी में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए थे, हालांकि बाद में पता चला कि दोनों युवक हिंदू हैं।
चौकी में भी चरणजीत से की अभद्रता
चौकी पर शिकायत देने के दौरान आरोपी अंशुल चौहान ने पीड़ित चरणजीत से अभद्रता की। उसने आपत्तिजनक टिप्पणी तक कर दी। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को जमकर धमकाया, लेकिन वह किसी की सुनने के लिए तैयार ही नहीं था। साथ ही घटना के बाद बाजार चौकी पर व्यापारियों और अन्य लोगों का हुजूम लग गया। विवाद की आशंका के चलते पुलिस भी सतर्क थी। वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा ने लोगों को चौकी परिसर से लोगों को लौटा दिया।
घटना के बाद लोगों में डर का माहौल
आमतौर पर विकासनगर में इस तरह के गुंडई के मामले सामने नहीं आते हैं। यह पहला मामला है जब किसी व्यक्ति ने बिना मतलब राह चलते लोगों को पीटा। काबू करने आए पुलिसकर्मियों को भी पीट दिया। बाजार में मौजूद लोगों का कहना था कि अब सड़क पर भी चलना सुरक्षित नहीं लग रहा है। नशे में धुत अंशुल चौहान को रास्ते में जो मिल रहा था वह उसी को पीट रहा था। सड़क पर जगह-जगह खून के दाग हैं। खून भी उन लोगों का है जो न आरोपी को जानते थे न उन्होंने उसका विरोध किया। वह केवल उसके सामने से गुजर रहे थे।
सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग
व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हिमकर गुप्ता, महामंत्री भारत कालड़ा ने कहा इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए पुलिस को सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा इस तरह घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं। सख्त कार्रवाई ही घटनाओं पर अंकुश लगाने का कारगर उपाय है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– पंकज गैरोला, एसपी देहात, विकासनगर




