उत्तराखंड

उत्तराखंड को ‘आल सीजन पर्यटन गंतव्य’ बनाने को सरकार प्रतिबद्ध: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को ‘आल सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ बनाने के लिए सरकार तेजी से कार्य कर रही है। इसके तहत पर्यटन स्थलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय सुविधाओं का विकास और डिजिटल सेवाओं को सुदृढ़ करने को कदम उठाए जा रहे हैं।

पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को देहरादून के इंद्रानगर स्थित होटल रायल इन पैलेस में भाजपा के मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को सुनने के बाद उक्त बातें कही।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनसंवाद का अनूठा मंच है, जो समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से ऐसे प्रेरक व्यक्तित्वों की कहानियां देशभर तक पहुंचती हैं, जिससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने कई कार्यक्रमों में उत्तराखंड का विशेष उल्लेख करते हैं। ‘मन की बात’ के विभिन्न एपिसोड में राज्य के शीतकालीन पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से स्थान मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे आदि कैलास और उत्तरकाशी के हर्षिल-मुखवा का दौरा कर चुके हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव पर्यटन पर पड़ा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार इस वर्ष राज्य में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक शीतकालीन यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचे, जबकि आदि कैलास में 36,700 से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचे हैं। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button