उत्तराखंड

भाजपा ने हरिद्वार से फूंका चुनावी बिगुल, राजनाथ ने दिया जीत का मंत्र।

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक का शुभारंभ किया। इसके बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बैठक में पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर मंथन हुआ।

 

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। करीब 1800 नेताओं की मौजूदगी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की भूमिका, पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन सालभर चुनाव की तैयारी करता है। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और विभिन्न मोर्चों को सक्रिय कर कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति से कार्यकर्ता नए उत्साह के साथ लौटेंगे और 2027 में बड़े बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम करेंगे।

 

वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर धामी ने कहा कि भाजपा ही चेहरा होगी। पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

 

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी के सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। सदस्यता अभियान के तहत बूथ स्तर पर समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाई जाएगी। इसके अलावा दिसंबर के अंत तक जिला, मंडल और ब्लॉक स्तर पर मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

 

बैठक के पहले दिन शनिवार को विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। पार्टी ने संगठन के विस्तार के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के दम पर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की जा सकती है।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button