उत्तराखंड

स्थापना दिवस पर शहीद स्थल पहुंचे धामी, पीएम मोदी बोले- विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनेगा उत्तराखंड।

उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपे।

राज्य गठन के लिए हुए लंबे आंदोलन और आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण जिन सपनों और आकांक्षाओं के साथ हुआ था, उन्हें पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य आंदोलन के दौरान शहादत देने वाले लोगों को नमन करते हुए उनके योगदान को प्रदेश के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया।

पीएम मोदी ने भेजा स्थापना दिवस का संदेश

राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नौ नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस राज्य के लोगों के साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को याद करने का अवसर है। राज्य गठन के समय प्रदेशवासियों ने जिन उम्मीदों के साथ अलग राज्य की मांग की थी, उत्तराखंड उन लक्ष्यों की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा और आध्यात्मिक पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच स्थित उत्तराखंड प्रकृति और अध्यात्म का अनूठा संगम है। गंगा और यमुना जैसी नदियों का उद्गम प्रदेश से होता है। पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा उत्तराखंड को देश के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में स्थान देती है।

केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थलों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इनसे देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्हें देवभूमि के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय तक रहने का अवसर मिला। उन्होंने केदारनाथ की गुफा में साधना, आदि कैलाश की यात्रा और उत्तराखंड के बुग्यालों की स्मृतियों का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।

राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून समेत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी भवनों और प्रमुख स्थलों पर भी स्थापना दिवस की तैयारियां की गईं।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button