उत्तराखंड

किसानों की आय बढ़ाने गांव-गांव पहुंचेगा कृषक रथ, गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी

सुवाखोली में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषक रथ को रवाना किया गया। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र और विभिन्न फसलों के उन्नत बीज वितरित किए। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी और लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
जोशी ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से पॉलीहाउस, मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को इन गतिविधियों के लिए सब्सिडी भी दी जा रही है। एरोमा मिशन के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि औषधीय और सुगंधित पौधों की खेती के जरिए किसानों की आय बढ़ाई जा सके।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दे रहा है। किसानों को उत्पादन लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने के लिए नई तकनीक अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने किसानों से केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं बागवानी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन के जरिए किसान आय के नए स्रोत विकसित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button