शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य करने की घोषणा की है। यह व्यवस्था विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू होगी।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विद्यालयी, संस्कृत, तकनीकी और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
डा रावत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और ‘वंदे मातरम्’ को जन-जन की आवाज़ बनाना है।
उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे राष्ट्रभावना को समर्पित और देशभक्ति को सुदृढ़ करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।




